IPL 2027: 16 दिसंबर को गोवा में होगा आईपीएल ऑक्शन, किस खिलाड़ी पर लगेगी सबसे बड़ी बोली?
आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख सामने आ गई है. 16 दिसंबर को गोवा में ऑक्शन होगा, जहां टीमें अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खरीदने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करेंगी.
IPL 2027: आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख सामने आ गई है. 16 दिसंबर को गोवा में ऑक्शन होगा, जहां टीमें अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को खरीदने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करेंगी. खास बात यह है कि इसी दौरान बेंगलुरु में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच भी खेला जाएगा.
15 नवंबर तक तय करना होगा रिटेंशन
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने सभी फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों को रिटेन करने के लिए 15 नवंबर तक का समय दिया है. यानी ऑक्शन से करीब एक महीने पहले टीमों को यह तय करना होगा कि वे किन खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखना चाहती हैं.
इसके बाद आईपीएल की ओर से फ्रेंचाइजी को रजिस्टर्ड खिलाड़ियों की सूची भेजी जाएगी. टीमें इस सूची में से अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर सकेंगी. वहीं, नीलामी से एक सप्ताह पहले यह भी बताया जाएगा कि कौन सा खिलाड़ी किस नंबर पर बोली के लिए आएगा.
ऑक्शन से पहले सिर्फ दो खिलाड़ियों की ट्रेडिंग
आईपीएल 2027 के ऑक्शन से पहले अब तक ट्रेड विंडो के जरिए सिर्फ दो सौदे हुए हैं. जून में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने कप्तान ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स के साथ ट्रेड किया था और बदले में कुलदीप यादव को अपनी टीम में शामिल किया था.
इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने तेज गेंदबाज टी. नटराजन के बदले अनकैप्ड लेग स्पिनर जीशान अंसारी को टीम में शामिल किया. आईपीएल के नियमों के मुताबिक, ट्रेड विंडो सीजन खत्म होने के एक महीने बाद खुलती है और नीलामी से एक सप्ताह पहले तक जारी रहती है.
IPL 2027 कब शुरू होगा?
ऑक्शन की तारीख सामने आने के बाद अब फैंस की नजरें आईपीएल 2027 के शुरू होने की तारीख पर हैं. हालांकि, अभी टूर्नामेंट के शेड्यूल का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.
बीसीसीआई की सालाना आम बैठक के बाद बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिया था कि आईपीएल 2027 मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू हो सकता है. हालांकि, सीजन की शुरुआत की अंतिम तारीख का इंतजार है.